Uncategorized

ऑपरेशन कालनेमी: भाग्य बदलने का झांसा देकर लूट रहे थे पैसे, शहर कोतवाली पुलिस ने दबोचे 22 आरोपी

शहर कोतवाली पुलिस ने आमजन को ठगी का शिकार बनाने वाले ढोंगी बाबाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन कालनेमी” के तहत 22 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह अभियान विशेष रूप से धार्मिक स्थलों पर सक्रिय फर्जी साधु-संतों के खिलाफ चलाया गया, जो लोगों की आस्था का गलत फायदा उठा रहे थे।

सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हरकी पैड़ी और उसके आसपास के क्षेत्रों में यह विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने सादी वर्दी में मौके पर निगरानी रखी और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें पकड़ा।

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार किए गए ये ढोंगी बाबा खुद को साधु-संत बताकर खासतौर पर महिलाओं और युवाओं को निशाना बनाते थे। ये लोग घरेलू समस्याओं का समाधान, भाग्य बदलने, संतान प्राप्ति, नौकरी लगने और कष्ट दूर करने जैसे झूठे वादों का झांसा देकर लोगों से पैसे ऐंठते थे।

पुलिस के अनुसार, कई मामलों में यह भी पाया गया कि ये आरोपी धार्मिक आस्था और अंधविश्वास का सहारा लेकर लोगों को मानसिक रूप से प्रभावित करते थे, जिससे पीड़ित उनके जाल में आसानी से फंस जाते थे।

पकड़े गए सभी 22 आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उनका चालान कर दिया गया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऐसे किसी भी व्यक्ति के झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *