Uncategorized

आईएमए पीओपी और राष्ट्रपति दौरे के चलते यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव, जानिए पूरा रूट प्लान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे को लेकर राजधानी देहरादून पूरी तरह तैयार है। राष्ट्रपति शुक्रवार को देहरादून पहुंचेंगी और शनिवार को भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) की प्रतिष्ठित पासिंग आउट परेड (पीओपी) में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। उनके दौरे को देखते हुए प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन व्यवस्था लागू कर दी है।

राष्ट्रपति की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरे शहर को हाई अलर्ट पर रखा गया है। प्रमुख चौराहों, संवेदनशील क्षेत्रों, सरकारी प्रतिष्ठानों और राष्ट्रपति के प्रस्तावित मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। खुफिया एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं और सुरक्षा व्यवस्था का बार-बार निरीक्षण किया जा रहा है।

सीमाओं पर सघन चेकिंग, होटलों में सत्यापन अभियान

दून पुलिस जिले की सभी सीमाओं पर स्थापित चेक पोस्टों पर विशेष सतर्कता बरत रही है। शहर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक वाहन की जांच की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन तलाशी के साथ-साथ सत्यापन अभियान भी चलाया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त शहर के होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशालाओं और लॉजों में ठहरे हुए लोगों का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार राष्ट्रपति की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है।

शुक्रवार को इन मार्गों पर रहेगा रूट डायवर्जन

ऋषिकेश से देहरादून आने वाले वाहन

ऋषिकेश और भानियावाला से देहरादून आने वाले वाहनों को रानीपोखरी-भोगपुर से थानो मार्ग, 06 नंबर पुलिया, सहस्रधारा क्रॉसिंग और सर्वे चौक होते हुए शहर में प्रवेश कराया जाएगा।

ऋषिकेश से मसूरी जाने वाले वाहन

वाहनों को रानीपोखरी-भोगपुर, थानो रोड, 06 नंबर पुलिया, सहस्रधारा क्रॉसिंग, आईटी पार्क और साईं मंदिर मार्ग से मसूरी भेजा जाएगा।

हरिद्वार से देहरादून आने वाले वाहन

हरिद्वार की ओर से आने वाले वाहनों को भानियावाला फ्लाईओवर सर्विस लेन, डोईवाला चौक, दूधली मार्ग और कारगी चौक के रास्ते शहर में प्रवेश कराया जाएगा।

हरिद्वार से मसूरी जाने वाले वाहन

इन वाहनों को डोईवाला, दूधली रोड, कारगी चौक, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, कैंट और अनारवाला मार्ग से मसूरी की ओर भेजा जाएगा।

आशारोड़ी और प्रेमनगर क्षेत्र से मसूरी

यातायात को आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, बल्लूपुर चौक, कैंट और अनारवाला मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।

देहरादून से हरिद्वार और ऋषिकेश

वाहनों को कारगी चौक, दूधली रोड, डोईवाला चौक, भानियावाला सर्विस लेन, लालतप्पड़ और नेपाली फार्म तिराहा होते हुए गंतव्य तक भेजा जाएगा।

मसूरी से हरिद्वार और ऋषिकेश

वाहनों को कुठाल गेट, ओल्ड मसूरी रोड, साईं मंदिर, काठ बंगला पुल, किशनपुर, आईटी पार्क, सहस्रधारा क्रॉसिंग और थानो रोड से डायवर्ट किया जाएगा।

प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट

  • भोगपुर तिराहा (रानीपोखरी)
  • कारगी चौक
  • सहस्रधारा क्रॉसिंग
  • भानियावाला फ्लाईओवर
  • शिमला बाईपास चौक
  • साईं मंदिर, राजपुर रोड
  • डोईवाला थाना क्षेत्र
  • दूधली रोड

शनिवार को आईएमए क्षेत्र रहेगा जीरो जोन

शनिवार को भारतीय सैन्य अकादमी की पासिंग आउट परेड के दौरान सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक आईएमए क्षेत्र को पूर्ण रूप से जीरो जोन घोषित किया गया है। इस दौरान आईएमए की ओर किसी भी प्रकार के सामान्य यातायात की अनुमति नहीं होगी।

विशेष ट्रैफिक व्यवस्था

  • बल्लूपुर से प्रेमनगर जाने वाले वाहनों को रांघड़वाला तिराहा और मिठीबेरी मार्ग से भेजा जाएगा।
  • प्रेमनगर से शहर आने वाले छोटे वाहनों को एमटी गेट और मिठीबेरी मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
  • सेलाकुई और भाऊवाला क्षेत्र से आने वाले भारी वाहनों को धूलकोट तिराहे से सिंघनीवाला और नया गांव होते हुए शहर की ओर भेजा जाएगा।
  • देहरादून से विकासनगर जाने वाले भारी वाहनों को शिमला बाईपास से डायवर्ट कर धर्मावाला मार्ग से भेजा जाएगा।

आम जनता से अपील

प्रशासन और पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, अनावश्यक रूप से वीवीआईपी रूट पर जाने से बचें तथा सुरक्षा जांच में पूरा सहयोग करें। इससे राष्ट्रपति के दौरे और आईएमए पासिंग आउट परेड के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *