Uncategorized

बागेश्वर में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, उरेडा अधिकारी ₹40 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत विजिलेंस की टीम ने शुक्रवार को बड़ी सफलता हासिल की। बागेश्वर जिले में उरेडा (उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण) के परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल को ₹40 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई के बाद सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने विजिलेंस सेक्टर हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके सोलर प्लांटों की संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट लंबे समय से उरेडा कार्यालय में लंबित पड़ी थी। आरोप था कि परियोजना अधिकारी फाइलों को आगे बढ़ाने के बदले प्रति फाइल ₹10 से ₹15 हजार की रिश्वत मांग रहे थे। शिकायतकर्ता की चार फाइलें लंबित होने के कारण कुल ₹40 हजार की मांग की गई थी।

शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय भ्रष्ट अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई चाहता था। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया।

पूर्व निर्धारित योजना के तहत शुक्रवार को विजिलेंस टीम ने उरेडा कार्यालय में जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी अधिकारी को ₹40 हजार की रिश्वत सौंपी, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए धीरेंद्र सिंह पटवाल, निवासी राजनगर, पीरूमदारा, रामनगर (जनपद नैनीताल) को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

विजिलेंस की इस कार्रवाई को प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश माना जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *