Crime

फरीदाबाद में मंदिर के बुजुर्ग पुजारी की हत्या, शव नहर किनारे फेंका; जांच में जुटी पुलिस

फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद के पूर्ण एन्क्लेव में मंदिर के करीब एक साल से रहकर पूजा-पाठ कर रहे 65 वर्षीय पुजारी की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस को उनका शव नहर किनारे झाड़ियों में मिला। मृतक के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि वारदात कई दिन पहले हुई होगी।

मृतक की पहचान ओम प्रकाश यादव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह मंदिर के पुजारी की हत्या की सूचना मिली थी। इसके बाद सेक्टर-31 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल के शवगृह भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही मंदिर में आने-जाने वाले लोगों और पुजारी के परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने पूछताछ के लिए दो-तीन युवकों को हिरासत में लिया है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि वारदात को मंदिर में आने-जाने वाले किसी व्यक्ति या पुजारी के परिचित ने अंजाम दिया हो सकता है। इसके बाद पहचान छिपाने या शव ठिकाने लगाने के उद्देश्य से शव को नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया।

पुलिस हत्या के कारण और आरोपित की पहचान का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *