Uncategorized

ऑपरेशन कालनेमि: कलियर उर्स में चेकिंग, दो बांग्लादेशी सहित 13 फर्जी बाबाओं की गिरफ्तारी

साबिर पाक के सालाना उर्स में सुरक्षा के मद्देनज़र चलाए गए ऑपरेशन कालनेमि के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चेकिंग अभियान के दौरान दो बांग्लादेशी नागरिकों समेत कुल 13 ढोंगियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार बांग्लादेशी कलियर में फर्जी नाम से रह रहे थे। पुलिस ने दोनों विदेशी नागरिकों पर विदेशी पासपोर्ट अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं बाकी ढोंगियों का चालान किया गया।

बांग्लादेशी दोबारा भारत में दाखिल

गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद उज्ज्वल निवासी मासिमपुर, जिला सुनमगंज (बांग्लादेश) शामिल है, जो ‘बाबा मोहन’ के नाम से कलियर में रह रहा था। वह मार्च 2020 में भी कलियर से गिरफ्तार हो चुका है और सजा पूरी होने के बाद बांग्लादेश भेजा गया था। इसके बावजूद उसने दोबारा अवैध तरीके से भारत में प्रवेश किया। दूसरा बांग्लादेशी मोहम्मद युसूफ उर्फ इसुफ है, जो यहां ‘शंकर बाबा’ के नाम से रह रहा था।

अन्य गिरफ्तार

पुलिस ने इसके अलावा मुस्तफा हुसैन (श्रावस्ती, यूपी), मोहम्मद ईशा (अजमेर, राजस्थान), पुरण (बिजनौर, यूपी), यासीन शाह वारसी मस्तान (बाराबंकी, यूपी), पप्पू (हापुड़, यूपी), जमील (फरीदाबाद, हरियाणा), मकसूद (उज्जैन, एमपी), रामकुमार (पंचकुला, हरियाणा), सतपाल (पंचकुला, हरियाणा), मोहम्मद दिलशाद (रुड़की) और असलम अली (पिरान कलियर) को भी हिरासत में लिया।

एसएसपी ने दी जानकारी

मंगलवार को रुड़की कोतवाली में प्रेस वार्ता कर एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि कलियर में सालाना उर्स शुरू हो चुका है। जायरीनों की सुरक्षा को देखते हुए खुफिया विभाग और पुलिस टीम ने मिलकर अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान ढोंगियों को दबोच लिया गया।

पुलिस के अनुसार पिछले 10 वर्षों में कलियर क्षेत्र से 10 से अधिक बांग्लादेशी नागरिक पकड़े जा चुके हैं। बताया जा रहा है कि दरगाह क्षेत्र को विदेशी नागरिक अपना सुरक्षित ठिकाना मानकर शरण लेते हैं। हाल ही में पकड़े गए दोनों बांग्लादेशी दो दिन पहले ही कलियर पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *