Uncategorized

मो. दीपक प्रकरण पर अनुकृति गुसाईं का कांग्रेस पर हमला, बोलीं- तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुकृति गुसाईं ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्षी दल को उत्तराखंड की जनता के सामने यह स्पष्ट करना चाहिए कि उसकी राजनीति विकास और जनसेवा पर आधारित है या तुष्टिकरण पर। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कोटद्वार के हालिया प्रकरण का जिक्र करते हुए कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि जब एक व्यक्ति ने खुद को मोहम्मद दीपक के रूप में प्रस्तुत किया था, तब कांग्रेस के नेताओं ने उसे दिल्ली बुलाकर मुलाकात की और इंसानियत की मिसाल बताया। लेकिन अब उसी व्यक्ति पर स्थानीय व्यापारी के साथ अभद्र व्यवहार के आरोप लगे हैं तो कांग्रेस का कोई नेता पीड़ित व्यापारी का हाल जानने तक नहीं पहुंचा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की संवेदनशीलता व्यक्ति और वर्ग देखकर बदल जाती है।

अनुकृति गुसाईं ने कहा कि भाजपा की राजनीति विकास, सेवा और सुशासन पर केंद्रित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उत्तराखंड के प्रति विशेष आस्था है और प्रदेश में विकास के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड का युवा जागरूकता और समझदारी के साथ मतदान करेगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेंगे और तीसरी बार उत्तराखंड में पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

श्राद्ध पक्ष के दौरान कांग्रेस नेताओं की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पिता को लेकर की गई कथित टिप्पणियों पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि श्राद्ध भारतीय परंपरा में श्रद्धा और सम्मान का विषय है, इसे राजनीतिक उपहास का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।

चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि यदि किसी के पास आरोप हैं तो उनके समर्थन में ठोस तथ्य भी सामने रखे जाने चाहिए। उन्होंने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मतदाता सूची का संशोधन एक प्रशासनिक प्रक्रिया है और चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है।

राहुल गांधी द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर की गई टिप्पणी का भी उन्होंने विरोध किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पूर्व में दिवंगत जनरल बिपिन रावत को लेकर कांग्रेस नेताओं की ओर से दिए गए बयानों को भी उत्तराखंड की जनता भूली नहीं है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनाव में जनता विकास और सुशासन के मुद्दे पर भाजपा के पक्ष में अपना समर्थन देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *