देहरादून: बड़ोवाला में बाइक सवारों की दबंगई, बैंककर्मी को गोली मारकर हुए फरार
पटेलनगर से अपने घर की ओर लौट रहे एक निजी बैंककर्मी पर मंगलवार रात बड़ोवाला क्षेत्र में बाइक सवार युवकों ने गोली चला दी। गोली युवक के पेट को छूकर निकल गई। घायल को तत्काल श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
घटना रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। डीएसपी चौक निवासी सत्यम पटेलनगर स्थित उज्जीवन बैंक में कार्यरत हैं। मंगलवार रात वह अपनी चचेरी बहन के साथ स्कूटर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ोवाला के पास अचानक एक बाइक उनके स्कूटर के सामने आकर रुक गई।
सत्यम ने जैसे ही स्कूटर रोका, बाइक सवार युवकों में से एक ने उन पर गोली चला दी। अचानक हुई फायरिंग से सत्यम और उनकी चचेरी बहन घबरा गए। गोली सत्यम के पेट को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने घायल सत्यम को एंबुलेंस की मदद से श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के इलाकों में चेकिंग शुरू कर दी और आरोपियों की तलाश में नाकेबंदी कराई गई।
सीओ सदर अंकित कंडारी के अनुसार, पुलिस सत्यम की चचेरी बहन से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। फिलहाल गोली चलाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
देर रात तक हमलावरों का कोई सुराग नहीं लग सका था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
