Uncategorized

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर, 101 पदों पर भर्ती का मौका

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने समूह-ग की सात भर्तियों के परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव करते हुए संशोधित कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी नए कार्यक्रम में कई परीक्षाओं की तारीखों में फेरबदल किया गया है। इसके साथ ही वैयक्तिक सहायक, आशुलिपिक समेत विभिन्न पदों पर कुल 101 रिक्तियों के लिए भर्ती प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, पशुधन प्रसार अधिकारी, सर्वेक्षक और साहसिक खेल अधिकारी की परीक्षा अब 20 सितंबर के बजाय 18 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। वहीं कैमरामैन और प्राविधिक सहायक इतिहास की परीक्षा 18 अक्टूबर के स्थान पर अब 20 सितंबर को होगी।

इसी तरह सहायक लेखाकार की परीक्षा की तारीख भी बदल दी गई है। पहले यह परीक्षा 4 अक्टूबर को प्रस्तावित थी, जिसे अब बढ़ाकर 1 नवंबर कर दिया गया है। वैयक्तिक सहायक की परीक्षा अब 1 नवंबर के बजाय 20 दिसंबर को होगी।

आयोग ने बताया कि विज्ञान इंटर और स्नातक स्तर के पदों की परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 जनवरी को ही आयोजित होगी। पिछले कैलेंडर में इस परीक्षा का वर्ष गलती से 2026 प्रकाशित हो गया था, जिसे संशोधित कर अब 2027 कर दिया गया है।

101 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी

UKSSSC ने वैयक्तिक सहायक, आशुलिपिक, आशुलिपिक ग्रेड-2, स्टेनोग्राफर समेत अन्य समूह-ग के कुल 101 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 सितंबर से शुरू होकर 14 अक्टूबर तक चलेगी। अभ्यर्थी 17 से 19 अक्टूबर के बीच अपने आवेदन में हुई गलतियों को सुधार सकेंगे। लिखित परीक्षा की संभावित तारीख 20 दिसंबर निर्धारित की गई है।

यह भर्ती राज्य के 19 अलग-अलग विभागों में की जाएगी। इनमें आवास विभाग में वैयक्तिक सहायक के 22 पद, आयुक्त कुमाऊं मंडल में 16 पद और वन निगम में 10 पद शामिल हैं।

वैयक्तिक सहायक पद के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 42 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी। शैक्षिक योग्यता के तौर पर 12वीं पास होने के साथ 80 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड जरूरी है।

वहीं आशुलिपिक पद के लिए भी 12वीं पास होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी के पास हिंदी और अंग्रेजी आशुलेखन में कम से कम 80 शब्द प्रति मिनट की गति तथा 40 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड होनी चाहिए।

आवेदन शुल्क की बात करें तो अनारक्षित और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये, जबकि एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 150 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *